प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह दो यूरोपीय देश, बेल्जियम और जर्मनी की यात्रा पर रवाना होंगे

नयी दिल्ली 9 दिसंबर--- प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह दो यूरोपीय देश, बेल्जियम और जर्मनी की यात्रा पर रवाना होंगे। बेल्जियम में ब्रुसेल्स में वह भारत-यूरोपीय संघ की शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस सम्मेलन से भारत और यूरोपीय संघ के बीच द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक सहयोग को नए आयाम मिलने की उम्मीद है। ब्रुसेल्स में 11वां भारत ईयू शिखर सम्मेलन शुक्रवार को होगा।
भारत और 27 देशों के संगठन यूरोपीय संघ द्वारा व्यापार और निवेश समझौते पर आपसी मतभेदों को दूर करने का प्रयास चल रहा है और उम्मीद की जा रही है कि मार्च तक समझौते को अतिम रूप दे दिया जाएगा। इस समझौते से दोनों पक्षों के बीच द्विपक्षीय कारोबार निकट भविष्य में 40 फीसद बढ़कर 100 अरब यूरो के स्तर तक पहुंच सकता है।
भारत और यूरोपीय संघ का द्विपक्षीय वस्तु एवं सेवा कारोबार 2009 में 53 अरब यूरो का था। व्यापार और निवेश समझौते को अगले वर्ष मार्च तक अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है। दोनों पक्षों के बीच पर्यावरण और श्रम मानकों के साथ बौद्धिक संपदा अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर मतभेद है। वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा के अनुसार, ”अगले दौर की बातचीत इस महीने होगी। मार्च तक मुक्त व्यापार समझौता हो जाने की उम्मीद है।” वार्षिक सम्मेलन से पहले विदेश मंत्रालय में सचिव :पश्चिम: विवेक काटजू ने कहा कि यह भारत…यूरोपीय संघ संबंधों के विस्तार का मौका उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा, ”यूरोपीय संघ भारत का प्रमुख कारोबारी सहयोगी है और साथ में निवेश का प्रमुख स्रोत है।” ब्रुसेल्स में प्रधानमंत्री और यूरोपीय संघ के नेताओं के बीच संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार, पाकिस्तान में स्थिति तथा आतंकवाद निरोधक रणनीति जैसे मुद्दों पर चर्चा की उम्मीद है। प्रधानमंत्री की बर्लिन यात्रा के दौरान इन मुद्दों पर जर्मनी की चांसलर एंजेला मार्केल के साथ भी चर्चा होने की उम्मीद है। जापान और ब्राजील के साथ भारत और जर्मनी संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थाई सदस्यता के दावेदार हैं। दोनों एक जनवरी से दो साल के लिए गैर-अस्थायी सदस्यता संभालने जा रहे हैं। जर्मनी द्वारा भारत के साथ रक्षा क्षेत्र में संबंधों को मजबूत बनाने पर जोर दिए जाने की संभावना है। तीन दिवसीय यात्रा के बाद सिंह रविवार को भारत लौटेंगे।
ब्रुसेल्स शिखर सम्मेलन के दौरान संस्कृतिक विभाग और यूरोपीय संघ आयोग द्वारा संस्कृति पर संयुक्त घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए जाने की संभावना है। शिखर सम्मेलन के दौरान भारत…यूरोपीय संघ व्यापार शिखर सम्मेलन भी होगा। इस सम्मेलन का थीम ‘ईयू-इंडिया पार्टनरशिप आपुर्चिनिटीज फार सस्टेनेबल डेवलपमेंट’ है। अप्रैल, 2006 के बाद सिंह की यह तीसरी बार जर्मनी की यात्रा है




