ताजमहल में कुछ पल 'अकेले' बिताना चाहते हैं निकोलस सरकोजी कार्ला ब्रूनी

बिजेंदर शर्मा
नई दिल्‍ली. फ्रांस के राष्‍ट्रपति निकोलस सरकोजी और उनकी ग्‍लैमरस पत्‍नी कार्ला ब्रूनी प्रेम के प्रतीक ताजमहल में कुछ पल 'अकेले' बिताना चाहते हैं। सरकोजी दंपती इन दिनों चार दिनों की भारत यात्रा पर हैं। रविवार को उनका ताज नगरी आगरा जाने का कार्यक्रम है।सरकोजी दंपती ताजमहल के दौरे के दौरान मीडिया से दूर रहना चाहता है। इसलिए भारतीय विदेश मंत्रालय ने मीडिया के लिए एडवाइजरी जारी कर कहा है कि सरकोजी दंपती की ताजमहल यात्रा को कवर नहीं किया जाए।इससे पहले सरकोजी दंपती  भारत की चार दिवसीय यात्रा पर शनिवार को बेंगलुरु पहुंचा। स्‍थानीय हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड एयरपोर्ट पर जबर्दस्त सुरक्षा इंतजाम के बीच सरकोजी-कार्ला ने सुबह करीब दस बजे कदम रखे। सरकोजी ने बेंगलुरू में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के उपग्रह केंद्र का दौरा किया। सरकोजी ने संयुक्‍त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद में भारत के दावे के प्रति फ्रांस का समर्थन जताया और कहा कि भारत इस दावे का हकदार है।
सरकोजी और कार्ला आगरा रवाना होंगे। दोनों आगरा के ऐतिहासिक, शानदार अमर विलास होटल में ठहरेंगे। रविवार को दोनों ताजमहल का दीदार करेंगे। अगले महीने 56 साल के होने जा रहे सरकोजी जनवरी 2008 में भारत यात्रा के दौरान ताजमहल देखने गए थे। सरकोजी और उनकी गर्लफ्रेंड रहीं कार्ला ब्रूनी के बीच रोमांस के चर्चे मीडिया की सुर्खियों में रहे है।हालांकि गणतंत्र दिवस के मुख्‍य अतिथि के तौर पर भारत आए सरकोजी प्रोटोकॉल की पाबंदियों के चलते उस समय कार्ला ब्रूनी को साथ लेकर नहीं आ सके थे लेकिन यहां से लौटने के बाद उन्‍होंने कार्ला से वादा किया था कि वह अगली बार भारत यात्रा पर उन्‍हें साथ लेकर जाएंगे और ताजमहल घुमाएंगे।

हालांकि भारतीय विदेश मंत्रालय सरकोजी -कार्ला की आगरा यात्रा को मीडिया के चकाचौंध से दूर रखना चाहता है लेकिन अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि फ्रांस के राष्‍ट्रपति के साथ आए वहां के पत्रकारों को ताजमहल यात्रा को कवर करने का मौका मिलेगा या नहीं। वास्‍तुकला के नायाब नमूने के तौर पर दुनिया भर में मशहूर ताजमहल को मुगल सम्राट शाहजहां ने अपनी पत्नी मुमताज महल की याद में बनवाया था।

सरकोजी दंपति का आगरा के बाद फतेहपुर सीकरी जाने का कार्यक्रम है। आगरा-जयपुर हाईवे पर फ्रांस के राष्‍ट्रपति की यात्रा के दौरान ट्रैफिक रोक दिया जाएगा। इसके बाद यह दंपति नई दिल्‍ली के लिए रवाना होगा।   

Posted by BIJENDER SHARMA on 8:34 AM. Filed under , , , . You can follow any responses to this entry through the RSS 2.0

0 comments for ताजमहल में कुछ पल 'अकेले' बिताना चाहते हैं निकोलस सरकोजी कार्ला ब्रूनी

Leave comment

Recent Entries

Recent Comments

Photo Gallery